दुर्घटना में बाइक सवार घायल, पत्नी की मौत
निचलौल। निचलौल-ठूठीबारी मार्ग पर सोमवार को सड़क हादसे में बाइक सवार दंपति घायल हो गए। उन्हें लोगों की मदद से सीएचसी निचलौल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने पत्नी को मृत घोषित कर दिया, जबकि पति की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, कोतवाली ठूठीबारी क्षेत्र के मैरी गांव निवासी धर्मेन्द्र (30) पत्नी शोभा (28) को बाइक से लेकर निचलौल जा रहे थे। निचलौल-ठूठीबारी मार्ग स्थित ओडवलिया गांव के निकट उनकी बाइक मिट्टी लदी ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आ गई।
इंस्पेक्टर आनंद कुमार गुप्ता ने कहा कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घायल पति का इलाज चल रहा है।