फरेंदा। बृजमनगंज मार्ग पर राजीव गांधी पीजी काॅलेज के पास शनिवार की शाम करीब चार बजे बाइक की चपेट में आने से भैंस चरवाहा समेत बाइक चालक की मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही क्षेत्र में कोहराम मच गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बृजमनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम नयनसर टोला खुर्रमपुर निवासी अरुण कुमार (30) बाइक से फरेंदा की तरफ आ रहे थे। अभी वह पीजी काॅलेज के समीप पहुंचे थे कि सड़क के किनारे भैंस चरा रहे गब्बू लाल यादव (70) निवासी लेहड़ा टोला धनरैया बाइक की चपेट में आ गए। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी।
पुलिस मौके पर पहुंच कर दोनों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बृजमनगंज ले गए। जहां पर पहुंचते ही चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की पुष्टि की।