इटवा थाना क्षेत्र के शाहपुर राप्ती सेतु पर हुआ हादसा
शाहपुर। इटवा थाना क्षेत्र के शाहपुर की तरफ राप्ती सेतु पर बाइक और ठेले की टक्कर हो गई। इस घटना में बाइक में आग लग गई। इस घटना में ठेला चालक मानिक राम और बाइक चालक बबलू गंभीर रूप से झुलस गए। फायर सर्विस टीम ने आग पर काबू पाया। लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी बेंवा भेजा गया, जहां पर डाॅक्टरों ने दोनों की हालत को गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इसमें मनिक राम की को बस्ती फिर वहां से लखनऊ रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार की रात करीब 10:30 बजे वार्ड नंबर तीन आंबेडकर नगर (शाहपुर) निवासी मानिक राम उर्फ महिनकू (38) डुमरियागंज से रोजाना की तरह अपना ठेला लेकर घर लौट रहा था। राप्ती सेतु को पार करने वाला ही था कि पीछे से आ रही बाइक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि इससे निकली चिंगारी से बाइक में आग लग गई। इसकी चपेट में ठेला चालक और बाइक चालक बबलू निषाद (44) निवासी वार्ड नंबर 9 सुभाष नगर (शाहपुर) आकर झुलस गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने बाइक पर लगी आग पर काबू पाया। 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को सीएचसी बेंवा भेजा गया, जहां पर डाॅक्टरों ने बाइक चालक बबलू निषाद का जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। वहीं, ठेला चालक मानिक राम की हालत गंभीर देखते हुए डाॅक्टरों ने बस्ती से लखनऊ रेफर कर दिया है।
इस संबंध में इंस्पेक्टर इटवा रविंद्र सिंह ने कहा मामला संज्ञान में है। अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
-
परिजनों का अलग अलग दावा
डब्लू निषाद ने कहा उसका भाई बबलू निषाद देर रात दवा लाने डुमारियागंज गया था। लौटते समय राप्ती सेतु पर पहुंचते ही इटवा की तरफ से तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे साइड से जा रहे ठेले में बाइक जा टकराई और बाइक में आग लग गई। इसमें बाइक सवार बबलू और ठेला चालक गंभीर रूप घायल हो गए हैं।
वहीं, मनिक राम उर्फ महिनकू की भाभी गायत्री देवी ने कहा हर दिन की तरह बुधवार को देवर देर रात ठेले से फालूदा बेचकर घर लौट रहे थे। राप्ती सेतु पार करते समय पीछे से एक बाइक ने टक्कर मार दी, जिसके बाद बाइक में आग लग गई। हादसे में देवर मनिक राम गंभीर रूप घायल हो गए। घायल देवर को बेंवा लेकर गए थे, डाॅक्टरों ने गंभीर हालत देखकर बस्ती रेफर कर दिया था। आज बस्ती से लखनऊ के लिए रेफर कर दिया गया है। हालत बहुत गंभीर है।