फरेंदा। कस्बे के एक बाइक एजेंसी पर फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से लोगों के नाम पर वाहन फाइनेंस कराने का आरोप लगाते हुए लोगों ने हंगामा किया। पीड़ितों का आरोप है कि उनकी जानकारी के बिना ही उनके नाम से गाड़ियां फाइनेंस कर दी गईं। जब उन्हें बैंकों से ईएमआई नोटिस मिलने लगे तब जाकर उन्हें इसकी जानकारी हुई।
जानकारी के अनुसार, फरेंदा क्षेत्र में स्थित एक बाइक एजेंसी व महदेवा में स्थित एजेंसी पर लोगों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। कुछ स्थानीय लोगों ने जब एजेंसी का रिकार्ड खंगाला तो पता चला कि उनके नाम से फर्जी तरीके से बाइक फाइनेंस करा ली गई है, जबकि लोगों ने नकद देकर बाइक खरीदी है। जैसे ही हंगामा की जानकारी हुई कई लोग एजेंसी पर पहुंच गए और हंगामा करने लगे।
उन्होंने एजेंसी कर्मचारियों से इस गड़बड़ी की जानकारी मांगी, लेकिन संतोषजनक जवाब न मिलने पर नाराजगी बढ़ गई। मौके पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और प्रशासन से मामले की जांच कर एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पीड़ितों का कहना है कि अगर समय रहते इस खेल का खुलासा न होता तो उनके नाम पर न केवल आर्थिक बोझ आता, बल्कि कानूनी परेशानी का भी सामना करना पड़ता। लोगाें के हंगामे की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच शुरू दी।
इस संबंध में थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार पाठक ने बताया कि शिकायत के आधार पर दस्तावेजों की जांच की जा रही है, फर्जी मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।