पहले तीन स्थानों पर बेटियों की मेधा का परचम
महराजगंज। काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (सीआईएससीई) की आईएससी (इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट) यानी 12वीं की परीक्षा में जिले में बेटियों का दबदबा रहा है। परीक्षा में महराजगंज की आकृति जनपद में अव्वल रही हैं। नौतनवां की प्रांजलि दूसरे और महराजगंज की प्रेरणा राय ने तीसरा स्थान हासिल किया है।
लिटिल फ्लावर स्कूल महराजगंज की आकृति जायसवाल ने 95.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान हासिल किया है। नौतनवां होली क्रॉस स्कूल की प्रांजलि 93.75 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। लिटिल फ्लावर स्कूल महराजगंज की प्रेरणा राय 93.5 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तीसरे स्थान पर हैं।
लिटिल फ्लॉवर के प्रधानाचार्य फादर सुरेश ने बताया कि विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं ने बेहतर प्रदर्शन किया है। परीक्षा परिणाम काफी अच्छा रहा है। होली क्रॉस स्कूल की प्रिंसिपल सिस्टर जोसफी डिसिल्वा ने बताया कि इंटर कामर्स वर्ग में प्रांजलि जायसवाल ने 93.75 प्रतिशत अंक हासिल कर स्कूल में प्रथम और जनपद में दूसरा स्थान हासिल किया। अन्य छात्र छात्राओं ने बेहतर अंक प्राप्त किया है।