ठूठीबारी। फोन करने पर जब पत्नी ने फोन नहीं उठाया तो नाराज पति ने घर पहुंचकर पत्नी को न केवल गालियां दी, बल्कि मना करने पर परिजनों संग मिलकर मारपीट कर उसे घायल भी कर दिया। यह घटना बरगदवां थाना क्षेत्र की है।
थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरा टोला अशोकवां निवासिनी तबस्सुम खातून ने बताया कि एक अप्रैल की शाम करीब पांच बजे पति नजरे आलम ने मोबाइल पर फोन किया था, जिसे नहीं उठा पाई। इसके बाद घर पहुंचकर पति गालियां देने लगे। मना करने पर पति नजरेआलम ने ससुर मोहम्मद याकूब, देवर साहिल व सज्जाद के साथ गोलबंद होकर मार पीटकर घायल कर दिए। बरगदवां थानाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता के अनुसार आरोपी पति नजरेआलम, मोहम्मद याकूब, साहिल व सज्जाद के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। संवाद