महराजगंज। बेसिक शिक्षा के स्कूलों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को विभाग की तरफ से उपलब्ध किताब व कार्य पुस्तिकाओं का सत्यापन किया जाएगा। शिक्षा निदेशालय की तरफ से सत्यापन रिपोर्ट मांगी गई है जो ब्लाकवार प्रत्येक स्कूल की देनी है। निदेशालय से जितनी किताब प्रेषित हुई उतनी किताब व कार्य पुस्तिकाएं बच्चों तक पहुंच सकीं अथवा नहीं इसकी पुष्टि होगी।
बेसिक शिक्षा निदेशालय के पाठ्य पुस्तक अधिकारी ने बीएसए को पत्र भेजा है जिसके बाद सत्यापन टीम गठित करने की तैयारी है। सितंबर के पहले सप्ताह में सत्यापन रिपोर्ट हासिल कर बीएसए इसे सितंबर में निदेशालय भेजनी है। विभागी सूत्रों के मुताबिक सत्यापन में बीईओ नहीं शामिल होंगे।बेसिक शिक्षा कार्यालय में कार्यरत जिला समन्वयकों समेत अन्य कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। मुद्रकों या प्रकाशकों से पाठ्य पुस्तकों और कार्य पुस्तिकाओं की आपूर्ति जिला मुख्यालय को मिलती है।जिला मुख्यालय से विकास क्षेत्र स्तर पर ब्लाक संसाधन केंद्रों को किताबें पहुंचा दी जाती है, जहां से न्याय पंचायत स्तर यानी संकुल के जरिए विद्यालयों को किताबें जाती है। नया सत्र शुरू होते ही किताबें इस बार पहुंचने लगीं। एनसीईआरटी को छोड़ कर सभी कक्षा की पुस्तकों के सभी सेट पहुंच चुके हैं। लेकिन यह शिकायत निदेशालय स्तर तक पहुंची की प्रेषित किताबों के सभी सेट नहीं मिल सके। किताबों का सत्यापन कराकर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शत-प्रतिशत वितरण करा दिया गया है या नहीं। जिले में 1500 से अधिक स्कूल मौजूदा समय में संचालित हैं। कक्षा एक से आठ तक की संख्या लगभग 2 लाख के आसपास है। इस संख्या के सापेक्ष ही पुस्तकें जनपद को प्राप्त हुई।
-
निदेशालय से प्राप्त निर्देश क्रम में सत्यापन के लिए जिला स्तरीय टीम शीघ्र बनाकर रिपोर्ट निदेशालय को प्रेषित की जाएगी। तय समय पर सत्यापन रिपोर्ट भेजने का प्रयास होगा। रिद्धि पांडेय, बीएसए।