अड्डा बाजार। नौतनवा थाना क्षेत्र के बनवाटारी में हो रही तीन दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता में बनवाटारी की टीम ने बुधवार को लक्ष्मीपुर टीम को एक अंकों से हराकर फाइनल प्रतियोगिता जीत ली। मरजादपुर की टीम तीसरे नंबर पर रही। विजेता, उपविजेता और तीसरे स्थान पर रही टीम को नकद व शील्ड देकर सम्मानित किया गया।
आयोजन समिति के संतोष कुमार मिश्र के अनुसार, फाइनल मुकाबला बनवाटरी और लक्ष्मीपुर के बीच हुआ। बनवाटरी ने 8 अंक हासिल करके एक अंक से लक्ष्मीपुर को पराजित किया। उपविजेता लक्ष्मीपुर की टीम सिर्फ सात अंक बना सकी। बताया गया है कि सेमीफाइनल में पड़रहवा ने भगीरथपुर को, बैरवा बनकटवा की टीम ने सिंहोरवा के टीम को हराया। बनवाटरी ने पड़रहवा, लक्ष्मीपुर ने बैरवा बनकटवा और मरजादपुर को हराया। परसौनी कला के पूर्व प्रधान हरिनंदन उपाध्याय ने विजेता बनवाटारी की टीम को 12 हजार 151 रुपये और उपविजेता लक्ष्मीपुर की टीम को 7 हजार 151 रुपये और तीसरे नंबर की मिर्जापुर की टीम को 5 हजार 151 रुपये और शील्ड देकर सम्मानित किया। इस मौके पर रेहानुल्लाह, नियाज खान, राजू प्रसाद आदि रहे।