बैंकों ने जरूरतमंदों में 65.38 करोड़ ऋण बांटे
महराजगंज। भारतीय स्टेट बैंक की ओर से बुधवार को विकास भवन में क्रेडिट आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम में जरूरतमंदों को विभिन्न बैंकों द्वारा कुल 65.38 करोड़ का ऋण वितरित किया गया। ऋण प्राप्त करने के उपरांत लाभार्थियों के चेहरे खिल उठे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने कहा कि आमजन को ऋण उपलब्ध कराकर बैंक द्वारा उनकी समस्याओं को दूर कराने के लिए जो प्रयास किया जा रहा है, वह प्रशंसनीय कार्य है। अन्य बैंक भी इससे प्रेरित होते हुए कार्य करें।
मुख्य विकास अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा कि बैंकों को भी आमजन के हितों को लेकर नियमित रूप से पहल करनी चाहिए। इससे न सिर्फ जरूरतमंदों की मदद मिलेगी, बल्कि बैंकों की सार्थकता को भी सिद्ध हो सकेगी। इस दौरान स्टेट बैंक के उप महाप्रबंधक नवल सूद, क्षेत्रीय प्रबंधक प्रसून कुमार, पूर्वांचल बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक रवि प्रकाश श्रीवास्तव, डीडीएम नाबार्ड कृष्ण कुमार, सहायक आयुक्त अनुपम त्रिपाठी तथा अग्रणी बैंक के मुख्य प्रबंधक सुशील कुमार समेत अन्य लोग मौजूद रहे।