महराजगंज। ईद-उल-अजहा (बकरीद) के मद्देनजर नगर पालिका परिषद महराजगंज की ओर से शुक्रवार को ईओ आलोक कुमार मिश्रा की निगरानी में सफाई अभियान सुबह से दोपहर तक प्रभावी रहा।
रोडवेज बस स्टेशन के पीछे नूरी जामा मस्जिद परिसर को साफ सुथरा किया गया। नूरी मस्जिद के सदर शमशुल हुदा खाने की मौजूदगी में सफाई कर्मचारियों ने मस्जिद परिसर के साथ जाने वाले रास्ते को भी साफ सुथरा किया। इसके अलावा मोहल्लों में भी सफाई गतिविधि में कर्मी जुटे रहे। सफाई में विशेष ध्यान रखने का निर्देश भी नगर वासियों को दिया गया।
एडीएम डाॅ. प्रशांत कुमार के निर्देशन में सदर एसडीएम की तरफ से बकरीद पर शांतिपूर्ण स्थिति के लिए विभिन्न क्षेत्रों में विभागीय कर्मियों को जिम्मेदारी सौंपी है। शनिवार, रविवार और सोमवार तीन दिन इन्हें क्षेत्र की शांतिपूर्ण स्थिति बनाए रखने के साथ ही शांतिपूर्ण तरीके से ईदगाह में बकरीद की सामूहिक नमाज संपन्न कराने का निर्देश है। ड्यूटी में सदर तहसीलदार, नायब तहसीलदार, बीडीओ, बीईओ, सीडीपीओ सदर, घुघली, परतावल, पनियरा को शांतिपूर्ण व्यवस्था बनाए रखने के लिए उतारा गया है।