फिर बिगड़ा मौसम का मिजाज, किसानों को राहत
महराजगंज। बुधवार को दिन में मौसम की आंख मिचौली जारी रही। सुबह साफ दिख रहा मौसम न सिर्फ सुहाना हो गया, बल्कि हवाओं के चलने के साथ घंटे भर से अधिक समय तक बारिश भी हुई। कुछ देर बाद आसमान साफ हो गया तथा धूप खिल गई। यह बारिश किसानों के लिए अत्यंत फायदेमंद है।
सुबह मौसम साफ दिखा तो लगा तेज धूप होगी। कुछ देर बाद बादल छाने लगा। हल्की हवाएं चलने लगीं। इसके बाद बारिश शुरू हो गई। दोपहर करीब 12 बजे के बाद मौसम फिर साफ हो गया और धूप खिलने लगी। बढ़ते समय के साथ तापमान तो बढ़ा, मगर धूप से चिलचिलाहट नदारद रही। किसान अमेरिका ने बताया कि बारिश होने से खेतों को भी नमी मिली है। कृषि के दृष्टि से यह लाभदायक है। जिला कृषि अधिकारी वीरेंद्र कुमार ने बताया कि बुधवार को हुई बारिश किसानों के लिए अत्यंत लाभप्रद है। किसान अपने खेतों की जुताई करा दें तथा उसमें दलहनी खेती अथवा ढैंचा की बुआई कर लें। इससे उन्हें काफी लाभ होगा। नौतनवां प्रतिनिधि के अनुसार कस्बे में सुबह काले बादल छाए रहे। तेज आंधी व तड़क गरज के बीच करीब 4 घंटे तक जमकर बारिश हुई। बारिश के बाद ठंड हुए मौसम से रोजेदारों ने राहत महसूस की।