बुजुर्गों को प्राथमिकता देते हुए आयु के आधार पर भी पात्रता सुनिश्चित की
आधार कार्ड में जन्मतिथि वर्ष 1956 दर्ज है तो मिलेगी सुविधा
महराजगंज। आयुष्मान भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत लाभार्थियों के दायरे का विस्तार कर दिया गया है। अब ऐसे सभी बुजुर्ग, जिनकी आधार कार्ड में जन्मतिथि वर्ष 1956 दर्ज है, वे भी योजना के तहत शामिल किए गए हैं। पात्र लाभार्थियों को अब सालाना पांच लाख रुपये तक के निशुल्क उपचार की सुविधा मिल सकेगी।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, पहले आयुष्मान भारत योजना का लाभ सामाजिक-आर्थिक जनगणना के मानकों के आधार पर सीमित परिवारों को ही मिल पा रहा था। लेकिन हाल के विस्तार के बाद बुजुर्गों को प्राथमिकता देते हुए आयु के आधार पर भी पात्रता सुनिश्चित की गई है। आधार कार्ड में 1956 जन्म वर्ष दर्ज होने वाले वरिष्ठ नागरिक अब इस योजना के तहत गोल्डन कार्ड बनवाकर सरकारी और सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में मुफ्त इलाज करा सकेंगे। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि आयुष्मान योजना के तहत हृदय रोग, किडनी, कैंसर, हड्डी रोग, न्यूरोलॉजी, सर्जरी समेत गंभीर बीमारियों का इलाज कैशलेस व्यवस्था के तहत किया जाता है। जिले में पहले से ही कई सरकारी अस्पतालों के साथ निजी अस्पताल भी इस योजना से संबद्ध हैं। पात्र बुजुर्ग अपने नजदीकी जन सेवा केंद्र, आयुष्मान मित्र डेस्क या सामुदायिक/प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं। इसके लिए आधार कार्ड, मोबाइल नंबर और आवश्यक पहचान दस्तावेज होना जरूरी है।
वर्जन
बुजुर्गों को बढ़ती उम्र में बीमारियों का खतरा अधिक रहता है और इलाज का खर्च उठाना हर किसी के लिए संभव नहीं होता। ऐसे में आयुष्मान योजना का यह विस्तार बुजुर्गों के लिए संजीवनी साबित होगी।
-डॉ. नवनाथ प्रसाद, प्रभारी सीएमओ