महराजगंज। विश्व मधुमेह दिवस पर जिले में विभिन्न स्थानों पर जागरूकता रैली निकाली गई। लोगों को इससे बचाव के तरीके बताए गए। संयमित दिनचर्या के साथ साथ खान पान पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी गई। सोनपति देवी महिला महाविद्यालय परिसर से जागरूकता रैली निकली। नगर में मुख्य मार्ग पर भ्रमण करते हुए कालेज की छात्राओं ने सभी को जागरूक किया। सीएमओ डा. क्षमाशंकर पांडेय ने रैली को हरि झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान एसीएमओ डा. आईए अंसारी, डा. राजेंद्र प्रसाद आदि मौजूद रहे।
लक्ष्मीपुर प्रतिनिधि के अनुसार कस्बे में स्थित सीएचसी पर मंगलवार को अधीक्षक डा दिवाकर राय ने विश्व मधुमेह दिवस पर स्वास्थ्य कर्मियों के साथ रैली निकाल कर लोगों को जागरूक किया। रैली के बाद संगोष्ठी में लोगों को मधुमेह के निदान व बचाव की जानकारी दी गई। अधीक्षक डा. दिवाकर राय ने कहा कि मधुमेह की दवा रोग को नियंत्रण करने में काफी प्रभावी होती है। डा. अरुण गुप्ता ने कहा कि समय रहते मधुमेह की जानकारी हो जाने पर इसका इलाज आसान हो जाता है।
डा. शाश्वत सेन गुप्ता का कहना है कि पूरे देश में सरकार मधुमेह के प्रति जागरूकता का अभियान चला रही है। जागरूकता से ही इस पर नियंत्रण पाया जा सकता है। इस दौरान डॉ सुरेंद्र कुमार, डॉ मनीष सिंह, फूलचंद मौर्या, सुदामा यादव, राजेश कुमार, कलाम खान, सुनील कुमार, विनय पांडेय, राजेश शर्मा, अजय, विमलेश कुमार, संदीप पांडेय, कंचनलता, तबस्सुम अफरोज, जैतून निशा, शरद राय, विनोद कुमार आदि मौजूद रहे।
धानी बाजार प्रतिनिधि के अनुसार विश्व मधुमेह जागरूकता अभियान के तहत बनकटा के अस्पताल में कैंप का आयोजन किया गया। इसमें डाक्टरों ने मधुमेह के लक्षण, बचाव व खाने पीने के तौर-तरीकों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। डा. एपी पांडेय ने लोगों को मधुमेह होने के लक्षण व बचाव के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बचने के तौर तरीकों के बारे में भी बताया। डा. एपी दुबे, डा. रिचा पांडेय, गोविंद अग्रहरि, राम विलास मौर्य, भुनेश्वर तिवारी, रामप्रकाश यादव, अवनींद्र अग्रहरि, दिनेश यादव, राजेश पांडेय, उमेश यादव, संपाती देवी, गुजराती देवी, गौरी देवी, रुकमणी देवी, मिथिलेश, सरिता, पूजा आदि मौजूद रहे।
सिसवा बाजार प्रतिनिधि के अनुसार प्राथमिक विद्यालय सिसवा बुजुर्ग के बच्चोें ने पीएचसी परिसर से रैली निकालकर लोगों को जागरूक किया। रैली में सिसवा पीएचसी के चिकित्सक व कर्मचारियों ने भी भागीदारी निभाई। रैली पीएचसी परिसर से रोडवेज बस स्टैंड, हनुमान गढ़ी रोड, गोपाल नगर, मिरशिकारी मुहल्ला, बासुदेव नगर, निचलौल टैक्सी स्टैंड होते वापस हास्पिटल परिसर पहुंची। इस दौरान बच्चों ने लोगों को मधुमेह के प्रति जागरूक किया। रैली के अवसर पर लोगों को प्रभारी चिकित्साधिकारी ओम शिव मणि त्रिपाठी ने मधुमेह की रोकथाम के बारे में बताया। रैली में अविनाश सिंह, प्रदीप चौरसिया, कीर्ति तिवारी आदि मौजूद रहे।