महराजगंज। क्षय रोग पर जागरूकता को लेकर शनिवार को सोनपती देवी काॅलेज में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बताया गया कि टीबी को हराने के लिए लोगों को जागरूक करना जरूरी है। यह कार्य अकेले नहीं बल्कि सभी के एकजुट प्रयास व सहयोग से ही संभव है।
एसीएमओ डाॅ. राजेंद्र प्रसाद ने स्कूली बच्चों के साथ ही आम जनमानस से अभियान को सफल बनाने की अपील की। कहा कि अधिक से अधिक टीबी जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से आम जनमानस को क्षय रोग के प्रति जागरूक कर टीबी को हराया जा सकता है। टीबी के इलाज की सुविधा जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर है। बताया कि चिह्नित क्षय रोगियों को उपचार के लिए निशुल्क क्षय निरोधी औषधियां उपलब्ध कराने के साथ ही सभी मरीजों के बलगम के परीक्षण से लेकर संपूर्ण उपचार व देखभाल का कार्य भी निशुल्क होता है। इसके अलावा सरकार पोषण भत्ता भी मरीजों को देती है।
आम नागरिकों से नि-क्षय मित्र बनकर टीबी उन्मूलन में अपना सहयोग देने का आग्रह किया। कहा ऐसा करके टीबी रोगियों की सहायता को आगे आएं और टीबी मुक्त जिला बनाने के संयुक्त प्रयासों में सहयोगी बनें। डाॅ. हरि प्रकाश ने कहा कि क्षय रोग असाध्य रोग नहीं है। रोग की शीघ्र और सही जांच के बाद सफल उपचार से टीबी को हराना संभव है। इस अवसर पर डाॅ. बीरेंद्र आर्या, डाॅ. एपी त्रिपाठी सहित स्कूल कर्मी व विद्यार्थी मौजूद रहे।