नौतनवा। पराली प्रबंधन को लेकर क्षेत्र भ्रमण पर निकले नौतनवा तहसीलदार कर्ण सिंह के वाहन को कंबाइन चालक ने टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने कंबाइन चालक को हिरासत में लेकर कंबाइन को सीज कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार की शाम उपजिलाधिकारी नौतनवा नवीन कुमार व तहसीलदार कर्ण सिंह पराली प्रबंधन को लेकर क्षेत्र में भ्रमण पर निकले थे। इसी दौरान एक कंबाइन बगैर रिपर की दिखी तहसीलदार ने रोकना चाहा तो चालक ने कंबाइन की गति तेज कर दी।
गोरखपुर सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग पर चंडीथान चौराहे के पास तहसीलदार पहुंचे थे कि कंबाइन चालक ने उनके वाहन को टक्कर मार दिया। गनीमत रहा कि तहसीलदार कर्ण सिंह उपजिलाधिकारी के वाहन में बैठे थे। गाड़ी में तहसीलदार के चालक और गार्ड बैठे थे जो बच गए।
तहसीलदार कर्ण सिंह ने बताया कि कंबाइन सीज कर चालक ओसामा निवासी चौतरवा थाना फरेंदा को जेल भेज दिया गया है।