नौतनवा। कस्बे के वार्ड नंबर-15 सरोजनी नगर में सोमवार की देर रात पुरानी रंजिश में दो पक्षों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि तभी एक युवक ने घर में घुसकर युवक पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। उसका इलाज कस्बे के एक निजी अस्पताल में हो रहा है। घायल के भाई की तहरीर पर पुलिस ने चाकू समेत आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
नौतनवा कस्बा के वार्ड नंबर 15 सरोजनी नगर निवासी करन पांडेय ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सोमवार को उनके भतीजे अर्जुन पांडेय का बनैलिया माता मंदिर परिसर में सगाई का कार्यक्रम था। कार्यक्रम में गोरखनाथ ओझा निवासी सरोजनी नगर नौतनवा कन्या पक्ष की ओर से मौजूद थे। गोरखनाथ ओझा और उनके भाई प्रदीप पांडेय में पुरानी रंजिश है। औराप गोरखनाथ ओझा उसी को लेकर विवाद करने लगे। इस पर वहां मौजूद रिश्तेदारों ने दोनों पक्षों को समझा बुझाकर अलग कर दिया। इसके बाद गोरखनाथ ओझा वहां से चले गए। कुछ देर बाद उनके भाई प्रदीप पांडेय भी अपनी पत्नी को लेकर घर चले गए। घर पहुंचकर वह अपनी बाइक घर के अंदर ले जा रहे थे, तभी रात 10:30 बजे संदीप ओझा ने घर के अंदर घुसकर चाकू से प्रदीप पांडेय पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर गए।
शोरगुल सुनकर प्रदीप पांडेय की भाभी तारा कमरे के अंदर से वहां आई तो आरोपी संदीप ओझा गाली और धमकी देते हुए वहां से भाग गया। थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव के अनुसार, आरोपी संदीप को गिरफ्तार कर घर में घुसकर हत्या के प्रयास और धमकी देने आदि की धाराओं में केस दर्ज कर चालान किया गया है। संवाद