सोनौली। पड़ोसी राष्ट्र नेपाल स्थित सिद्धार्थनगर नगर पालिका के मेयर इस्तियाक अहमद खान ने गौतम बुद्ध हवाई अड्डे पर नियमित अंतरराष्ट्रीय उड़ान नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने घरेलू उड़ानों के साथ ही बेलहिया सीमा बॉर्डर को दो सप्ताह के लिए बंद करने की चेतावनी दी।
उन्होंने स्थानीय उद्योगपतियों और व्यापारिक संगठनों के समक्ष भी यह मुद्दा उठाया है। सोमवार की शाम नगरपालिका में आयोजित प्रेस वार्ता में महापौर खान ने कहा कि इस मामले में सरकार को जगाने का एकमात्र तरीका घरेलू उड़ानों को रोकना और प्रधानमंत्री तथा मंत्रियों को सड़क मार्ग से घंटों यात्रा करने को मजबूर करना है।
उन्होंने कहा कि ऐसा करने से पहले अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू कराने के लिए प्रधानमंत्री और संबंधित मंत्री के पास प्रतिनिधिमंडल भेजा जाएगा। इसके बाद भी यदि इस मामले की अनदेखी की गई तो विरोध-प्रदर्शन करते हुए सरकार पर दबाव बनाने वाले कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे। सबसे अंत में घरेलू उड़ान और बेलहिया बॉर्डर बंद कराए जाएंगे। संवाद