महराजगंज। निचलौल में अपनी चुनावी सभा को संबोधित करने आए केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने पीएम मोदी के कार्यों को गिनाने के साथ-साथ पूर्व पीएम दिवंगत अटल बिहारी वाजपेयी के कार्य भी गिनाए। अपने 29 मिनट के संबोधन में गृहमंत्री ने पूर्व पीएम का पांच बार नाम लिया और उनके द्वारा कराए गए कार्य बताए। वे यही नहीं थमे, कांग्रेस के कार्यों और भाजपा के कार्यों की तुलना करते हुए भाजपा को तीव्र विकास का करने वाला बताया।
उन्होंने कहा कि गांव में पहली बार किसी सरकारी योजना का लाभ लोगों को तत्काल मिला हो, दो माह के अंदर किसान सम्मान निधि का पैसा देश के अंतिम छोर पर बसे गांव के किसानों के खाते में भी पहुंच गया। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने देश में चौड़ी सड़कों का निर्माण शुरू किया था लेकिन मोदी सरकार ने उसे तेजी से आगे बढ़ाया है। राजनाथ द्वारा अपने संबोधन में पांच नाम आने से पुराने कार्यकर्ताओं के चेहरे खिल उठे। कार्यकर्ता बीच-बीच में नारे भी लगा रहे थे।