घुघली के पुरैना निवासी हैं अरविंद, मिथिलेश का खोस्टा रहता परिवार
महराजगंज। यूपीपीसीएस 2024 के घोषित परीक्षा परिणाम में जनपद से बेटों ने बाजी मारी है। घुघली के पुरैना निवासी अरविंद गुप्ता 50 वीं रैंक हासिल कर जीएसटी अधिकारी पद पर चयनित हुए हैं जबकि मिठौरा के खोस्टा निवासी मिथिलेश यादव ने 140वीं रैंक अर्जित कर नायब तहसीलदार का पद प्राप्त किया है।
घुघली ब्लॉक के पुरैना खंडी निवासी अरविंद शंभू गुप्ता के पुत्र हैं। इन्होंने हाईस्कूल की पढ़ाई अपने चौराहे के सरदार पटेल स्कूल से तो इंटरमीडिएट सिसवां के चोखराज से उत्तीर्ण किया। स्नातक की पढ़ाई गोरखपुर विश्वविद्यालय से करने के बाद वह दो वर्ष से प्रयागराज में तैयारी कर रहे थे। अरविंद ने दूसरे प्रयास में सफलता हासिल की है। पिता शंभू को लोग बधाई देने वालों का तांता लग रहा है।
मिठौरा ब्लाॅक के खोस्टा में मिथिलेश यादव के पिता रामकिशुन किसान और बड़े भाई अखिलेश वकील हैं। निर्मला व संध्या उनकी दो बहनें हैं और वह परिवार में सबसे छोटे हैं। निचलौल के निजी स्कूल प्रारंभिक पढ़ाई करने के बाद उन्होंने महाराणा प्रताप पाॅलिटेक्निक सिविल ट्रेड उत्तीर्ण किया। 2021 में स्नातक प्रयाग से किया और वह आलमबाग लखनऊ में अवर अभियंता पद पर तैनात हैं। भाई अखिलेश के मुताबिक घर का छोटा बेटा होने के कारण वह सबका दुलारा था इसलिए उसने जो कहा हम लोगों ने वह पढ़ाने का प्रबंध कराया।