निचलौल। सिसवा मार्ग स्थित दुर्गवलिया गांव के पास सोमवार को सवारियों से भरे तीन पिकअप और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को एआरटीओ ने पकड़ लिया। यह देख वाहन पर सवार लोगों ने हंगामा कर दिया। एआरटीओ ने पकड़े गए चारों वाहन चालकों को चेतावनी देकर छोड़ दिया।
जानकारी के मुताबिक, कोतवाली ठूठीबारी क्षेत्र स्थित सुप्रसिद्ध पंचमुखी शिवमंदिर इटहिया में सावन का मेला लगा है। दूर-दराज से श्रद्धालु जान जोखिम में डालकर पिकअप और ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार होकर भगवान भोलेनाथ की जलाभिषेक करने के लिए ईटहिया पहुंच रहे हैं। वहीं निचलौल सिसवा रास्ते से निरीक्षण के लिए जा रही एआरटीओ टीम ने दुर्गवलिया गांव के पास सावरियों से भरी तीन पिकअप और एक ट्रैक्टर ट्रॉली को रोक जांच शुरू कर दी। इससे वाहन सवार सवारी आक्रोशित हो उठे। फिर सवारियों ने एआरटीओ टीम पर रकम वसूली का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान एआरटीओ टीम ने वाहन चालकों को चेतावनी देकर छोड़ दिया।
एआरटीओ विनय कुमार ने बताया की निरीक्षण के दौरान चार वाहनों को रोक जांच पड़ताल की गई, तो वह लोग हंगामा करने लगे। ऐसे में सभी को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया है। पकड़े गए सभी वाहन कुशीनगर जिले से ईटहिया गए थे।