अपहरण की साजिश रचने वाले दो युवकों को पुलिस ने भेजा जेल
रकम वापस न करना पड़े, इसलिए रची थी साजिश
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। घुघली पुलिस ने मंगलवार को अपहरण की साजिश रचने वाले एक युवक और उसके साथी को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सौहार्द बिगाड़ने सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया। जहां से दोनों की जमानत अर्जी खारिज करते हुए जेल भेज दिया गया।
क्षेत्राधिकारी सदर राजू कुमार साव ने बताया कि अपहरण की साजिश रचने वाले युवक के बड़े भाई की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही थी। आरोपी के बड़े भाई ने बताया कि भाई का कभी कभी फोन खुला रहता है। बीच में उससे हमारी एक बार बात हुई थी। बड़े भाई के बयान पर पुलिस ने सर्विलांस सेल से अपहरण की साजिश रचने वाले युवक का मोबाइल काल डिटेल खंगाला। काल डिटेल एवं मुखबिर से सूचना मिली कि अपहरण की साजिश रचने वाला युवक चिउटहा परतावल मार्ग स्थित पिपरा मुंडेरी प्राथमिक विद्यालय के पास रहता था। काल डिटेल और मुखबिर के सूचना के आधार पर अपहरण की साजिश रचने वाले युवक के पिता गलीम को पुलिस ने साथ लेकर उक्त स्थान पर छापा मारा। जहां से साजिश रचने वाला युवक साबिर को गिरफ्तार कर लिया। उसके बाद पुलिस ने साबिर को थाने लाकर सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ साबिर ने बताया कि जाकिर खां निवासी जड़ार थाना पनियरा को एक क्विंटल 75 किलो बकरे का मांस देने के लिए 70 हजार एडवांस लिया था। एडवांस की रकम आवश्यक कार्य पड़ने पर खर्च हो गई। जाकिर को रकम वापस न करना पड़े, जिसके लिए इमरान के साथ मिलकर अपहरण की फर्जी कहानी रची थी। उन्होंने कहा कि अपहरण की साजिश रचने वाले दोनों आरोपी युवक साबिर और इमरान निवासी परसिया थाना कोतवाली को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।