महराजगंज। बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अब उन्हें सामाजिक गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। इसके लिए विभाग ने समाजोपयोगी उत्पादक कार्य को स्कूलों में अनिवार्य रूप से लागू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ व्यवहारिक जीवन की शिक्षा भी दी जाएगी।
जनपद में बेसिक शिक्षा परिषद के करीब 1500 स्कूल संचालित हैं, जिनमें लगभग दो लाख विद्यार्थी पढ़ते हैं। इन सभी को इस पहल का लाभ मिलेगा। विभाग का मानना है कि सामूहिक गतिविधियों में भागीदारी से बच्चों में सामाजिक उत्तरदायित्व, रचनात्मक सोच, नागरिक जिम्मेदारी, सहानुभूति और नेतृत्व क्षमता का विकास होगा।
बेसिक शिक्षा के सामूहिक सहभागिता समन्वयक दिव्य पांडेय के अनुसार, स्कूलों में साज-सज्जा, बागवानी, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, जल संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त परिसर जैसी गतिविधियां कराई जाएंगी। इसके अलावा पुस्तकालय व्यवस्था संभालने और प्रार्थना सभा के संचालन में भी बच्चों की सहभागिता होगी। विद्यार्थी पौधे लगाने के साथ उनकी देखभाल भी करेंगे।
बच्चों को स्वच्छता रैली, मतदाता जागरूकता, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और सड़क सुरक्षा जैसे अभियानों से भी जोड़ा जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से उनमें श्रम, सेवा और सहयोग की भावना विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।
बोले अधिकारी
पढ़ाई के साथ श्रम, सेवा और सहयोग का अनुभव मिलने से बच्चे जिम्मेदार नागरिक बनेंगे। सामूहिक गतिविधियों से उनमें टीम भावना और आत्मविश्वास बढ़ेगा। साथ ही उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर भी मिलेगा।
सुरजीत कुमार सिंह, बीएसए