पार्थिव शरीर घर पहुंचते ही मचा कोहराम, आक्रोश को देखते हुए पुलिस रही सतर्क
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम सभा सिसवनिया के रहने वाले सेना के जवान चंद्रबदन शर्मा का पार्थिव शरीर जम्मू से सोमवार को सुबह करीब सात बजे गांव पहुंचा। पार्थिव शरीर आते ही कोहराम मच गया। गांव के लोगों सहित क्षेत्रीय लोगों की भीड़ जुट गई। जवान के अंतिम दर्शन के लिए लोग उमड़ पडे़। गांव के लोगों समेत क्षेत्र के तमाम लोगों ने कुछ मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया। काफी समझाने के बाद लोग माने तब जाकर अंतिम संस्कार हुआ। लोगों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस जिला मुख्यालय से लेकर गांव तक सतर्क रही।
सेना के जवान चंद्रबदन शर्मा के पार्थिव शरीर को फोर्स की गाड़ी से गांव के पश्चिमी तरफ रेहाव नाले पर ले जाया गया। अंतिम यात्रा में क्षेत्र के रामपुर, सोनरा, सिसवनिया, भरवलिया, अशोकवा, गबडुआ, चौक बाजार, बागापार, कटहरा, पकड़ी सहित तमाम गांव के लोग मौजूद रहे। मृत जवान के पिता भोला शर्मा ने बेटे को हिन्दू रीति रिवाज के मुताबिक शाम पांच बजकर पंद्रह मिनट पर मुखाग्नि दी।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक निवेश कटियार, सीओ सदर राजू कुमार साव, एडीएम कुंजबिहारी अग्रवाल, एसडीएम सदर साई तेजा सीलम, कोतवाली इंस्पेक्टर मनीष सिंह सहित तमाम थानों की पुलिस मौजूद रही।