सिद्धार्थनगर। खादी तथा ग्रामोद्योग विभाग की ओर से भुर्जी समाज के कारीगरों और इस उद्योग में रुचि रखने वाले अन्य लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए निशुल्क आधुनिक मशीनें वितरित की जाएंगी।
वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जनपद को आधुनिक पॉपकाॅर्न मेकिंग मशीन और दोना मेकिंग मशीन वितरण के लिए 8-8 लाभार्थियों का लक्ष्य रखा गया है। विभाग की ओर से इच्छुक लोगों से आवेदन मांगे गए हैं।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी गंगाधर दुबे ने बताया कि योजना के तहत परंपरागत कारीगरों के साथ-साथ इस कार्य में रुचि रखने वाले अन्य पुरुष और महिलाएं भी आवेदन कर सकते हैं। लाभार्थियों का चयन विभाग द्वारा गठित चयन समिति के माध्यम से किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इच्छुक आवेदक खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन सेवाएं टूल किट्स पंजीकरण एवं आवंटन लिंक के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने वाले व्यक्ति की आयु 18 से 50 वर्ष के बीच होना व ग्रामीण क्षेत्र का निवासी होना अनिवार्य है।
आवेदन के लिए आधार कार्ड, राशन कार्ड या परिवार आईडी, पासपोर्ट साइज फोटो, आय प्रमाण पत्र, ग्राम प्रधान की ओर से जारी निवास या संस्तुति प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र और शैक्षिक योग्यता प्रमाण पत्र आवश्यक होंगे।