फरेंदा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी, फरेंदा में कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसरों सहित अन्य कर्मचारियों का अनिश्चितकालीन धरना सोमवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। एसोसिएशन ऑफ कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स उत्तर प्रदेश के निर्देशन में यह आंदोलन हो रहा है। सीएचओ ने अपनी मांगों का समाधान होने तक आंदोलन जारी रखने का एलान किया है।
कर्मियों का कहना है कि वर्ष 2024 में हुए आंदोलन के दौरान उनकी कई मांगों पर सहमति बनी थी। हालांकि, उन पर अब तक कोई अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। इससे संगठन के सदस्यों में नाराजगी है। संगठन ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मिशन निदेशक और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को पत्र भेजा है। इसमें लंबित मांगों के समाधान की मांग की गई है।
धरने पर मौजूद सीएचओ ने स्थायी कैडर बनाकर नियमितीकरण की स्पष्ट नीति लागू करने की मांग की है। उन्होंने आयुष्मान भारत हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर की ऑपरेशनल गाइडलाइन के अनुसार मानदेय मांगा है। मासिक मानदेय में समानता, नियमित भर्ती में अनुभव के आधार पर वरीयता भी उनकी मांगों में शामिल है। इसके अतिरिक्त, रिक्त पदों पर स्थानांतरण, स्वास्थ्य बीमा और सामाजिक सुरक्षा दिए जाने की भी मांग की गई है।