महराजगंज। जिले में गैर संचारी रोगों (एनसीडी) की रोकथाम और समय पर पहचान के लिए स्वास्थ्य विभाग ने नई पहल शुरू की है। अब जिले के सभी स्वास्थ्य उपकेंद्रों पर तैनात एएनएम एनसीडी कार्यक्रम के तहत नियमित रूप से स्क्रीनिंग जांच करेंगी। शासन से प्राप्त निर्देश के बाद स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है।
जिले में 192 हेल्थ वेलनेस सेंटर और 431 स्वास्थ्य उपकेंद्र संचालित हैं। एनसीडी (गैर संचारी रोग) कार्यक्रम के तहत केवल हेल्थ वेलनेस सेंटरों पर सीएचओ की ओर से गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग की जाती है। इसमें स्क्रीनिंग की जिम्मेदारी एएनएम को भी दी गई है।
सीएमओ डॉ. श्रीकांत शुक्ला ने बताया कि अब उपकेंद्र स्तर पर भी एनसीडी स्क्रीनिंग की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके तहत एएनएम गांव-गांव जाकर 30 वर्ष से ऊपर की आयु के लोगों की स्क्रीनिंग जांच करेंगी। जांच में मुख्य रूप से ब्लड प्रेशर, शुगर लेवल, वजन, बीएमआई और कैंसर से संबंधित लक्षणों की पहचान की जाएगी।