परतावल। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के परतावल में एक दावत के दौरान मीट का केवल एक पीस नहीं मिलने की बात को लेकर एक युवक ने जमकर हंगामा कर दिया। विवाद इतना बढ़ गया कि मौके पर पहुंची पुलिस से भी वह उलझ गया। अंततः पुलिस ने उसे शांतिभंग की आशंका में गिरफ्तार कर चालान कर दिया। जानकारी के अनुसार, महराजगंज रोड स्थित एक मकान में दावत का आयोजन था, जिसमें भिटौली थाना क्षेत्र के एक गांव का युवक भी शामिल हुआ था। दावत में आधा दर्जन लोग शराब का सेवन कर रहे थे। इसी दौरान युवक एक पीस मीट नहीं मिलने पर तेज आवाज में गाली-गलौज करने लगा।
वहां मौजूद एक दुकानदार ने जब उसे शोर-शराबा न करने की सलाह दी तो वह भड़क गया और दुकानदार के साथ मारपीट करने लगा। सूचना मिलने पर परतावल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को समझाने का प्रयास किया लेकिन वह पुलिस कर्मियों से भी उलझ गया।