निचलौल। थाना क्षेत्र के रायपुर गांव में मंगलवार को स्कॉर्पियों की चपेट में आने से तीन वर्षीय मासूम की मौत हो गई, जबकि किशोरी घायल हो गई। हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक मौके से भाग निकला। लोगों ने किशोरी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई थी।
जानकारी के मुताबिक, रायपुर निवासी अजय पासवान मुंबई में रहकर मजदूरी करते हैं। पत्नी एक बेटे और एक बेटी के साथ घर पर रहती हैं। मंगलवार की दोपहर अजय का मासूम बेटा सूर्यांश पासवान (3) पड़ोस के कुछ बच्चों के साथ दरवाजे के सामने नहर पटरी के किनारे खेल रहा था।
इसी बीच नहर पटरी से गुजर रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने अजय पासवान के बेटे सूर्यांश पासवान और रामपति पासवान की बेटी रागनी पासवान (17) को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे सूर्यांश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रागनी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है। हादसे के बाद ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। वहीं सूर्यांश की मौत के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
थाना प्रभारी गौरव कन्नौजिया के अनुसार, मामले की जानकारी मिली है। हादसे की सूचना पाकर अस्पताल में पहुंची पुलिस टीम सूर्यांश के शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।