दुकानों पर आम उत्पादों की तरह बिक रहा है तेल, पंपों पर टंकी फुल करवा ले रहे हैं धंधेबाज
पंपों पर कड़ी धूप में डीजल-पेट्रोल के लिए घंटों कतार में खड़े हो रहे लोग, धंधेबाजों को आसानी से मिल रहा तेल
महराजगंज। जनपद में पेट्रोल की कालाबाजारी के मामले सामने आ रहे हैं। मुख्यालय स्थित पेट्रोल पंप के आसपास धड़ल्ले से 160 से 180 रुपये लीटर पेट्रोल की बिक्री की जा रही है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब धूप में घंटों लाइन लगाने के बाद भी आम लोग जरूरत का ईंधन नहीं पा रहे हैं तो धंधेबाजों को इतना तेल कैसे मिल रहा है कि वह कालाबाजारी कर रहे हैं।
बुधवार को अमर उजाला की पड़ताल में चौंकाने वाले मामले सामने आए। दोपहर में एक युवक मुख्यालय स्थित इंडेन पेट्रोल पंप के पास बाइक से पहुंचा। वहां पर स्थित एक दुकान से उसने 180 रुपये लीटर पेट्रोल लिया। नाम न छापने की शर्त पर उसने बताया कि मजबूरी है क्या करें। मेरे पास इतना समय नहीं है कि मैं यहां पर दो घंटे लाइन में लगकर तेल भरवाऊं। तेल बेचने वाली महिला ने पूछने पर बताया कि 25 लीटर तक पेट्रोल दे सकती है।
वहीं थोड़ा आगे बढ़ने पर एक दूसरी दुकान पर कुछ बाइक और स्कूटी खडे थे। दुकान के अंदर से एक युवक पानी की बोतल में पेट्रोल लेकर निकला। इसके बाद अपनी बाइक में डाला और बोतल दुकान में देकर आगे बढ़ गया। यह सिलसिला लगातार चलता रहा। बाइक और स्कूटी सवार आते और अधिक पैसे देकर आधा लीटर या एक लीटर तेल लेकर चले जाते। अब ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि जब यह सब मुख्यालय के करीब ही हो रहा है तो इसकी भनक अधिकारियों को क्यों नहीं हो रही है। यह कालाबाजारी अफसरों के नाक के नीचे ही हो है लेकिन अफसर एसी कमरों से बाहर निकलने की जहमत नहीं उठा रहे हैं।
आम लोगों के लिए लिमिट तय, धंधेबाजों की टंकी फुल
सूत्रों के अनुसार, पेट्रोल की कालाबाजारी करने वालों पेट्रोल पंपों पर सेटिंग कर ली है। इस वजह से आम लोगों को तो तय लिमिट में पेट्रोल दिया जा रहा है जबकि धंधेबाजों की टंकी फुल की जा रही है। सूत्रों की माने तो बाइक की टंकी फुल कराने के लिए धंधेबाज कर्मियों को कुछ अधिक रुपये देते हैं। इसके अलावा धंधेबाज लिमिट में तेल लेने के बाद फिर से पंपों पर लाइन में लग जा रहे हैं।
निचलौल में खुलेआम सड़क पर बेचा जा रहा तेल
निचलौल के कुछ इलाकों में खुलेआम बोतल में तेल बेचा जा रहा है। मजबूरी में लोग महंगे दाम पर तेल खरीद रहे हैं। खुलेआम हो रहे इस कालाबाजारी पर किसी जिम्मेदार की नजर नहीं पड़ रही है।
वर्जन
मुझे पकड़ी जाना था। टंकी में तेल तक कम था। इसलिए मजबूरी में 180 रुपये लीटर पेट्रोल भरवाकर अपना काम निपटाया। कई पेट्रोल पंप सूखने के कारण यह दिक्कत हो रही है।
-अशफाक खान, महराजगंज
मुझे शिकारपुर जाना था। सुबह तेल भरवाने गया तो पेट्रोल पंपों पर भीड़ लगी थी। इसके बाद मजबूरी में 160 रुपये लीटर पेट्रोल भरवाया। भीड़ के कारण पंपों पर इंतजार करने की हिम्मत नहीं हो रही है।
-गोविंद मिश्रा, इंद्रानगर, महराजगंज
वर्जन
कालाबाजारी न हो इसके लिए लगातार छापा मार कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। जनपद में पर्याप्त मात्रा में डीजल-पेट्रोल उपलब्ध है। लोगों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। महंगे दाम पर लोग डीजल-पेट्रोल की खरीदारी न करें। कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। -एपी सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी