वाहन चेकिंग के दौरान अधिवक्ता के साथ दुर्व्यवहार को लेकर अधिवक्ताओं में आक्रोश
सोमवार को न्यायिक कार्य से विरत रहकर किया प्रदर्शन, आंदोलन की दी चेतावनी
नौतनवा। वाहन चेकिंग के दौरान अधिवक्ता रामरतन यादव के साथ सिपाही द्वारा दुर्व्यवहार करने का मामला सामने आने के बाद से ही अधिवक्ताओं में आक्रोश है। सोमवार की दोपहर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में एक बैठक हुई। इसके बाद अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे और प्रदर्शन कर 36 घंटे की मोहलत देते हुए उक्त सिपाही को निलंबित करने की मांग की।
अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि संपतिहा चौकी पर तैनात सिपाही गोपाल कुशवाहा ने 9 अप्रैल को वाहन चेकिंग के दौरान अधिवक्ता रामरतन यादव की बाइक का हैंडल पकड़कर जबरन खींच लिया और विरोध करने पर उनके साथ दुर्व्यवहार किया। आरोप है कि कुछ दिन पहले भी रामरतन यादव के वाहन का चालान काट दिया गया था। अध्यक्ष ने कहा कि यदि 36 घंटे के अंदर उक्त सिपाही को निलंबित नहीं किया गया तो अधिवक्ता न्यायालय का पूरी तरह से बहिष्कार कर सड़क पर उतर आंदोलन को बाध्य होंगे। इस दौरान दयानंद यादव, नागेंद्र प्रसाद शुक्ला, मनोज मिश्र, अनिल कुमार, धर्मेंद्र त्रिपाठी, आशीष श्रीवास्तव, संतोष पांडेय, फकरे आलम, शेख शमसुद्दीन, वीरेंद्र पांडेय, लखन श्रीवास्तव, रमेश चौधरी, अभिमन्यु, लालजी, तौलन मौजूद रहे।