पीड़ित ने शिकायती पत्र भेजकर पुलिस अधीक्षक से लगाई न्याय की गुहार
मिठौरा। चौक बाजार के वार्ड नंबर दो निवासी जोखू ने बृहस्पतिवार को पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर चौक थाने के कुछ पुलिसकर्मियों पर पक्षपात करने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि खेत के मेड़ पर लगे पिलर को पुलिस की मौजूदगी में उखाड़ा गया और विरोध करने पर पीड़ित पक्ष को थाने में बैठाने के साथ ही महिलाओं से अभद्रता की गई। मामले में शिकायती पत्र देकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायत पत्र में कहा गया है कि 4 जून को गांव के सम्मानित लोगों और पंचायत की मौजूदगी में पारिवारिक खेत का बंटवारा हुआ था। इसके बाद खेत के मेड़ पर सीमांकन के लिए पिलर लगाए गए थे। आरोप है कि 9 जून की दोपहर कुछ लोग पुलिस की मौजूदगी में खेत पर पहुंचे और जबरन पिलर उखाड़कर फेंक दिया। पीड़ित पक्ष ने यह भी आरोप लगाया है कि परिवार की महिलाओं के लिए अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया तथा उन्हें अपमानित किया गया।
शिकायतकर्ता ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराते हुए दोषी पुलिसकर्मियों तथा अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में एसओ मनीष पटेल ने बताया कि मामला संज्ञान में है। इसकी जांच पुलिस क्षेत्राधिकारी निचलौल को दी गई है। आगे की कार्रवाई उन्हीं के जरिए की जाएगी।