अखिलेश ने जनता के साथ मजाक किया : नड्डा
निचलौल (महराजगंज)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि अखिलेश ने यूपी की जनता के साथ मजाक किया है। मोदी टीका और योगी टीका बताकर जनता को गुमराह किया। अब वैक्सीन लगाने में यूपी नंबर एक है। विकास कार्यों को गिनाने की अगर किसी पार्टी के नेता में ताकत है, तो वह भाजपा में है। भाजपा के नेता ने जो कहा उसे पूरा किया। जो कहेंगे उसे पूरा करेंगे। गलत नेता को चुनने से जनता में भय का माहौल रहता है।
जेपी नड्डा मंगलवार को सिसवा विधानसभा के बैठवलिया में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि सीएम योगी और पीएम मोदी के हाथों को मजबूत करने के लिए आया हूं। सपा ने अयोध्या में रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं थीं, लेकिन भाजपा अयोध्या में भगवान राम का मंदिर बनवा रही है। मुस्लिम महिलाओं को तीन तलाक के दंश और अभिशाप से आजाद कराया है। जनधन खाता खुलवाकर लॉकडाउन के दौरान 20 करोड़ महिलाओं के खाते में पांच सौ रुपये की रकम भेजी।
दो करोड़ 63 लाख मकान बनवाया, 10 करोड़ लोगों को चूल्हा और सिलिंडर दिया। दो करोड़ लोगों के घर बिजली पहुंचाई। 10 करोड़ 50 लाख किसानों के खाते में हर तीन माह बाद पीएम सम्मान निधि की दो हजार रकम भेजी जा रही है। 11 हजार करोड़ लोगों को शौचालय मिला है। पहले प्रदेश में 15 मेडिकल कालेज थे, लेकिन अब इसकी संख्या 59 हो चुकी है। नि:शुल्क वैक्सीनेशन ने देश को कोरोना के कहर से बचाया है।
याद दिलाया गोरखपुर सीरियल ब्लॉस्ट
जेपी नड्डा ने कहा कि गोरखपुर के गोलघर में 22 मई 2007 को सीरियल ब्लास्ट हुए थे। 23 नवंबर 2007 को अयोध्या, लखनऊ और वाराणसी की कचहरी में ब्लास्ट हुए थे। इंडियन मुजाहिद्दीन, हरकत उल जिहाद और हरकतउल मुजाहिद्दीन संगठन ने इसकी जिम्मेदारी ली थी। दो लोग पकड़े गए थे। 26 अप्रैल को इन सारे केस को अखिलेश ने विद-ड्रा किया और इसे सामाजिक सद्भाव बताया। ये कैसा सामाजिक सद्भाव है। हाईकोर्ट ने इसे रोक दिया। आतंकवादियों को आजीवन कारावास की सजा हुई।