अंतर्राष्ट्रीय नशा विरोधी दिवस के मौके पर शनिवार को दुमहानघाटन स्थित एसएसबी की पहली बटालियन हेडक्वाटर के जवानों एवं विद्यार्थियों ने रैली निकाल कर नशे के खिलाफ अलख जगाई। सीमावर्ती क्षेत्रों में रैली के जरिये लोगों को नशे से होने वाले नुकसान बताते हुए उन्हें जागरूक किया गया।
एसएसबी जवान एवं क्राइस्ट द किंग हाईस्कूल के विद्यार्थी हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर नशा छोड़ो जीवन जोड़ो, नशा मुक्त समाज-उठाओ सब आवाज, नशा एक अभिशाप है, नशा को जिसने गले लगाया मौत को उसने पास बुलाया आदि नारे लगाते हुए छपवा, पुराना नौतनवा, रेलवे स्टेशन चौराहा, जनता चौक, अस्पताल चौराहा होते हुये वापस बटालियन हेडक्वाटर लौटे।
रैली का नेतृत्व कर रहे प्रभारी कमांडेंट मनीष कुमार ने कहा कि भारत-नेपाल की खुली सीमा होने के नाते सीमा पर आसानी से नशीला पदार्थ पाने से नशे का इस्तेमाल करने वालों की संख्या दिनो-दिन बढ़ती जा रही है। इस क्षेत्र में साक्षरता की कमी होने के चलते लोग आसानी से ड्रग्स के चंगुल में फंस जाते हैं। एसएसबी का प्रयास है कि नागरिकों को जागरूक कर उनके सहयोग से सीमा पर चल रहे ड्रग्स के कारोबार को पूरी तरह खत्म किया जाय।
इस मौके पर एरिया आर्गनाइजर आरएन शर्मा, डिप्टी कमांडेंट दिलीप झा, डॉ. अतुल, ओमवीर आदि मौजूद रहे।