शुक्रवार को घटिया सामग्री इस्तेमाल होने पर नगरवासियों ने रुकवाया था काम
39.09 लाख रुपये की लागत से निर्मित किया जा रहा है मार्ग
चौक बाजार। नगर पंचायत चौक के वार्ड नंबर एक आंबेडकर नगर स्थित कब्रिस्तान जाने वाले मार्ग पर आरसीसी निर्माण कार्य में नगरवासी अनियमितता का आरोप लगा रहे हैं। शुक्रवार को नगरवासियों ने निर्माण कार्य को रुकवा कर विरोध प्रदर्शन किया था। इस पर शनिवार को जांच टीम पहुंची लेकिन लोग जांच पर ही सवाल खड़े कर उच्चस्तरीय जांच की मांग कर रहे हैं।
शुक्रवार को घटिया सामग्री के इस्तेमाल को लेकर नगर वासियों के प्रदर्शन के बाद सूचना पर पहुंचे जूनियर इंजीनियर योगेश कुमार त्रिपाठी ने मौके पर जांच भी की। लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि जांच के बाद भी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। नगरवासियों का कहना है कि करीब 39.09 लाख रुपये की लागत से बन रही सड़क में मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। जियाउद्दीन, अब्बास, मुमताज, मेराज, जावेद, महफूज, हैदर, नजरें आलम, हशमत आदि नगरवासियों का आरोप है कि निर्माण में सफेद बालू, तृतीय श्रेणी की ईंट तथा कम गुणवत्ता वाले सीमेंट का प्रयोग किया जा रहा है।
लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि सड़क किनारे बनाई जा रही दीवार की नींव न तो पर्याप्त खोदी गई है और न ही मानक के अनुसार गिट्टी डाली जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इसी तरह निर्माण कराया गया तो बरसात के दिनों में सड़क पूरी तरह ध्वस्त हो सकती है। नगरवासियों ने बताया कि जेई की जांच के बावजूद निर्माण सामग्री की गुणवत्ता में कोई सुधार नहीं किया गया, जिससे लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। लोगों ने मांग की है कि निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और मानक के अनुरूप दोबारा निर्माण कराया जाए।
वहीं मामले को लेकर नगर पंचायत प्रशासन की कार्यशैली भी सवालों के घेरे में आ गई है। इस मामले में जांच करने गए जूनियर इंजीनियर योगेश कुमार त्रिपाठी ने पूछने पर बताया कि जांच के लिए गया था। वहां ठेकेदार को इस कार्य को सही ढंग से करने का दिया गया है।