दोस्तों के साथ पुरैना में पिकनिक मनाने निकली थीं युवतियां
होश में रही दूसरी युवती ने परिजन को दी जानकारी
खुशहालनगर। दोस्तों के साथ कार से पुरैना में पिकनिक मनाने निकलीं दो युवतियों को शराब पिला दिया गया। नशे में बेसुध हो जाने पर युवतियों के दोस्त उन्हें आधे रास्ते में ही कार से उतार कर फरार हो गए। खबर लिखे जाने तक मामले में पुलिस के पास कोई तहरीर नहीं पहुंची थी।
जानकारी के अनुसार, सोमवार दिन में करीब दस बजे स्नातक की पढ़ाई कर रही दो छात्राएं अपने दोस्तों के साथ कार से पुरैना में पिकनिक मनाने आई थीं। दोनों ने अपने दोस्तों के साथ मौज-मस्ती करके खाया-पीया। नशा चढ़ा तो एक युवती पिकनिक स्पॉट पर ही बेहोश हो गई। इस पर उसके दोस्त घबड़ा गए और घर के करीब लाकर दोनों को जोगिया रेलवे ढाले के पास सुनसान जगह पर कार से उतार कर फरार हो गए।
दूसरी लड़की, जो कम नशे में थी, वह कार से उतरकर अपने घर चली गई। घर जाकर उसने अचेत युवती के परिजन को घटना की सूचना दी। इसी बीच परिजन के वहां पहुंचने के पहले ही घुघली पुलिस ने बेहोश युवती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघली पहुंचा दिया था। डॉक्टरों ने जांच में शराब पीना पाया। इसके बाद युवती को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मामले में नगर चौकी प्रभारी शिवम राय ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। नशे में धुत मिली युवती अपने घर पहुंच गई है।