परतावल। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के कस्बे में पत्नी से कहासुनी के बाद एक व्यक्ति ने घर में रखे हंसिया से अपना ही गला काट लिया। घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर हालत में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, श्यामदेउरवां गांव निवासी मोहन (45) का बुधवार की रात किसी बात को लेकर पत्नी से विवाद हो गया। दोनों के बीच काफी देर तक कहासुनी होती रही। विवाद से नाराज पत्नी शिकायत करने के लिए थाने की ओर चली गई।
इसी बीच गुस्से और आवेश में आए मोहन ने घर में रखा हंसिया उठाकर अपना ही गला काट लिया। घटना के बाद वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। सूचना मिलने पर श्यामदेउरवां पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मोहन के भाई सोहन और गांव के चौकीदार प्रहलाद की मदद से घायल को तत्काल सीएचसी परतावल भिजवाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि पारिवारिक विवाद में व्यक्ति द्वारा खुद को घायल करने की जानकारी मिली है।