नौतनवा। फ्रंट कार्यालय के विरोध में विगत तीन दिनों से रजिस्ट्री कार्यालय एवं न्यायालय का बहिष्कार कर धरना दे रहे अधिवक्ताओं ने मंगलवार को चौथे दिन धरना स्थगित कर दिया।
सहायक महानिरीक्षक निबंधन आलोक शुक्ला के निर्देश पर नौतनवा पहुंचे फरेंदा के उपनिबंधक सुशील तिवारी से अधिवक्ताओं की हुई वार्ता के बाद आश्वासन पर अधिवक्ता वापस काम पर लौट गए।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश कुमार श्रीवास्तव एवं कनिष्ठ उपाध्यक्ष नागेंद्र प्रसाद शुक्ला ने बताया कि एआईजी आलोक शुक्ला के निर्देश पर धरना स्थल पर आए फरेंदा के उपनिबंधक सुशील तिवारी का कहना है कि प्रदेश सरकार ने अधिवक्ताओं के कड़े विरोध को देखते हुए फ्रंट ऑफिस केवल प्राधिकरण में ही लागू किए जाएंगे। संघ अध्यक्ष राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि शासन द्वारा दिए गए पत्र का अवलोकन करने के बाद फिलहाल धरना स्थगित कर दिया गया है।