कानपुर में अधिवक्ताओं पर कार्रवाई से नाराज हैं महराजगंज के अधिवक्ता
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। कानपुर में अधिवक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई से नाराज महराजगंज सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने सोमवार को बाइक जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया।
कानपुर में जिला जज के स्थानांतरण की मांग को लेकर अधिवक्ता आंदोलन कर रहे थे। उनकी मांगों को पूरा करने के बजाय उल्टे अधिवक्ताओं पर ही कार्रवाई कर दी गई। इसी मुद्दे को लेकर अधिवक्ताओं में आक्रोश है।
महराजगंज सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष हमीदुल्लाह खान के नेतृत्व में अधिक संख्या में अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन किया। दीवानी कचहरी परिसर से बाइक पर सवार अधिवक्ता नारेबाजी करते हुए निकले।
शहर के प्रमुख मार्ग पर प्रदर्शन के बाद अधिवक्ता दीवानी कचहरी पहुंचे। दिन भर अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे। अध्यक्ष ने कहा कि कानपुर के अधिवक्ता अपनी जायज मांग को लेकर लोकतांत्रिक ढंग से आंदोलन कर रहे थे। निर्दोष अधिवक्ताओं पर कार्रवाई किया जाना उचित नहीं है। नियमानुसार जिला जज का ताबादला होना चाहिए।
इस दौरान धमेंद्र त्रिपाठी, धनंजय पटेल, सुशील श्रीवास्तव, सत्य प्रकाश सिंह, वशिष्ठ मिश्र, इंद्रासन सिंह, दिनेश गुप्ता, अनूप सिंह, सुनील मिश्रा, इंद्रमणि तिवारी, उत्केश चौधरी, सर्वेश पांडेय के अलावा अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।