नौतनवा। स्थानीय अधिकारियों पर प्रशासनिक कार्यों में लापरवाही एवं ढिलाई बरतने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को नौतनवा तहसील के समस्त अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे। नतीजन शुक्रवार को सुनवाई के लिए लगी समस्त फाइलों में अग्रिम तिथि निर्धारित की गई।
रेवेन्यू बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विभूति प्रसाद यादव एवं सचिव शमसुद्दीन खान ने कहा कि तहसील की व्यवस्था इन दिनों पटरी से उतर गई है। हर काम कच्छप गति से हो रहा है। इसके चलते अधिवक्ताओं और वादकारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शिकायत के बाद भी जिम्मेदार समस्याओं के समाधान में रुचि नहीं ले रहे हैं। अधिवक्ताओं का कहना है कि न्यायालय बहिष्कार कर अपना आक्रोश व्यक्त करने के साथ ही जिलाधिकारी को भी पत्र भेजा गया है। जल्द ही सुधार नहीं होने पर आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी।