नौतनवा। रेवेन्यू बार एसोसिएशन के बैनर तले मंगलवार को भी अधिवक्ता चकबंदी विभाग के अधिकारियों की मनमानी के विरोध में न्यायिक कार्य से विरत रहे। विरोध के कारण उपजिलाधिकारी, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार का न्यायालय नहीं चल सका। मंगलवार की समस्त पत्रावलियों में सुनवाई के लिए अग्रिम तिथि निर्धारित की गई।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विभूति प्रसाद यादव एवं सचिव शमसुद्दीन खां ने कहा कि न्यायालय बहिष्कार और विरोध के बाद भी चकबंदी विभाग के अधिकारियों की हरकतों में कोई सुधार नहीं आ रहा है। अब तक किसी जिम्मेदार ने भी इसकी सुधि तक नहीं ली है। यदि इसी तरह चलता रहा तो जल्द ही अधिवक्ता संघ की बैठक के बाद रणनीति तैयार कर निर्णायक आंदोलन की शुरुआत की जाएगी।