- जंगल मार्ग और रोहुआ नाला पार करने में फंसी प्रशासन की गाड़ी, ग्रामीणों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली से अधिकारियों को पहुंचाया
निचलौल। बाढ़ प्रभावित सोहगीबरवा, शिकारपुर और भोथहा समेत आसपास के गांवों में हालात का जायजा लेने पहुंची तहसील प्रशासन की टीम को शनिवार को रास्ते में ही मुश्किलों का सामना करना पड़ा। जंगल मार्ग और रोहुआ नाला पार करते समय प्रशासन की गाड़ी फंस गई। इसके बाद ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर पहुंचे और अधिकारियों को गांव तक पहुंचाया। सुबह से बिगड़े हालात के बीच टीम शुरुआती तौर पर राहत सामग्री के बिना ही प्रभावित क्षेत्र में पहुंची। देर शाम पंचायत भवन में भोजन और पेयजल का इंतजाम कराया गया। एसडीएम अवनीश त्रिपाठी ने बताया कि प्रभावित लोगों के लिए भोजन-पानी की व्यवस्था की जा रही है। किसी को भूखा नहीं रहने दिया जाएगा।
-
दिनभर नहीं निकली धूप, सोलर पैनल भी बेअसर
दियारा क्षेत्र में बिजली का कोई वैकल्पिक इंतजाम नहीं है। कुछ घरों में लगे सोलर पैनल भी खराब बताए जा रहे हैं। शनिवार को पूरे दिन बादल छाए रहने के कारण धूप नहीं निकली, जिससे चालू पैनल भी पर्याप्त चार्ज नहीं हो सके। बिजली आपूर्ति बंद रहने के बीच मोबाइल फोन और अन्य जरूरी उपकरणों को चार्ज करने की समस्या बढ़ गई। इससे बच्चों और बुजुर्गों की परेशानी और बढ़ने की आशंका है।