घुघली । दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है। शनिवार को जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने छोटी गंडक नदी के बैकुंठी घाट का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद टीमों को साफ-सफाई, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नगर पंचायत और संबंधित विभागों को घाट की साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा इंतजाम को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने घाट पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, गोताखोर, नाव और बचाव दल की व्यवस्था करने के साथ-साथ यातायात नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने को कहा।