क्राइम मीटिंग में एसपी ने थानाध्यक्षों को सात दिनों के अंदर शिकायती पत्रों के निस्तारण के निर्देश दिए
महराजगंज। शिकायती पत्रों का सात दिनों के अंदर निस्तारण नहीं होने पर एसओ पर कार्रवाई होगी। शुक्रवार को पुलिस लाइंस में क्राइम मीटिंग में एसपी ने सख्त लहजे में थानाध्यक्षों को निर्देश दिया।
एसपी भारत सिंह ने शिकायती पत्रों के निस्तारण में लापरवाही पर थानेदारों को नसीहत दी। कहा कि किसी भी दशा में सात दिन से अधिक प्रार्थना पत्रों के निस्तारण में समय न लगे। हर हाल में पीड़ितों की समस्या का समाधान हो। शिकायती पत्रों पर निश्चित समय पर कार्रवाई हुई कि नहीं इसकी जांच कराई जाएगी। लापरवाही बरतने वाले थानेदार हटाए जाएंगे।
एसपी ने ऑनलाइन एफआईआर की थानावार समीक्षा की और कहा कि हर हाल में एफआईआर ऑनलाइन हो और आरोप पत्र और अंतिम रिपोर्ट सीसीटीएनएस के माध्यम से ही भेजें। ईनामी अपराधियों की गिरफ्तारी हर हाल में कराने के निर्देश एसपी ने दिए।
एसपी ने कहा कि जो अपराधी पांच साल से हत्या, लूट, डकैती, बलात्कार, चेन स्नेचिंग आदि घटनाओं में लिप्त हैं। उनकी एक्टिव लिस्ट तैयार कर गुंडा, गैंगस्टर की कार्रवाई करें। साथ ही उनकी गैंग पंजीकृत कर उनकी हिस्ट्रीशीटर खुलवाकर निगरानी कराना सुनिश्चत करें।
रमजान व ईद-उल-फितर को देखते हुए एसओ को निर्देश दिए। जिन थानों में लावारिस हालत में वाहन पड़े हैं। उसकी नीलामी कराने के भी निर्देेश दिए गए। बैठक की शुरुआत में सैनिक सम्मेलन के माध्यम से कर्मचारियों की समस्या प्रमुखता से निस्तारण के लिए निर्देश दिए। इस दौरान एएसपी हरिगोविंद, एलआईयू इंस्पेक्टर ओपी सिंह समेत सभी सीओ और एसओ मौजूद थे।