महराजगंज। सरदार वल्लभ भाई पटेल इंटर कॉलेज कसमरिया में कक्ष निरीक्षक की ओर से मौखिक रूप से बोल कर नकल कराने का मामला प्रकाश में आने के बाद केंद्र व्यवस्थापक की ओर से सिंदूरिया थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। दूसरी ओर माध्यमिक शिक्षा विभाग ने भी मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए केंद्र व्यवस्थापक को हटाते हुए उनकी जगह दूसरे केंद्र व्यवस्थापक को तैनात कर दिया है।
कसमरिया स्थित कॉलेज के कक्ष संख्या दो में मंगलवार को कक्ष निरीक्षक ड्यूटी में तैनात शिक्षक की ओर से बच्चों को बोल कर प्रश्नपत्र को हल कराने की शिकायत मिली थी। सूचना पर पहुंचे जिला विद्यालय निरीक्षक अमरनाथ राय की टीम ने मामले को सही पाया तथा केंद्र व्यवस्थापक को संबंधित कक्ष निरीक्षक इंद्रजीत के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश दिया। मामले में लचर व्यवस्था को देखते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक ने केंद्र व्यवस्थापक मनोज कुमार को तत्काल कार्यमुक्त करते हुए उनके जगह नए केंद्र व्यवस्थापक के रूप में दिग्विजय नाथ इंटर कॉलेज के प्रवक्ता शेषनाथ को तैनात किया है। केंद्र व्यवस्थापक के रूप में तैनात रहे मनोज कुमार ने सिंदूरिया थाने में शिकायती पत्र देकर कक्ष निरीक्षक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी नासिर हुसैन ने बताया कि केंद्र व्यवस्थापक मनोज कुमार की तहरीर पर कक्ष निरीक्षक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
-
2,459 परीक्षार्थियों ने छोड़ी परीक्षा
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की परीक्षा मंगलवार को जिले के विभिन्न केंद्रों पर हुई। पहली पाली मेंं हाईस्कूल गणित व इंटर में फल एवं खाद्य संरक्षण आदि विषयों तथा दूसरी पाली में इंटर के गृह विज्ञान व हाईस्कूल के कंप्यूटर विषय की परीक्षा हुई। परीक्षा के लिए दोनों पालियों में पंजीकृत 35,695 परीक्षार्थियों में से 33,236 परीक्षार्थियों ने जहां परीक्षा दी, वहीं 2,459 अनुपस्थित रहे।
जिला विद्यालय निरीक्षक अमरनाथ राय के मुताबिक, पहली पाली में हाईस्कूल गणित विषय में पंजीकृत 29,841 परीक्षार्थियों में से 27,782 ने परीक्षा दी, जबकि 2,059 ने परीक्षा छोड़ दिया। इंटर मेें पंजीकृत 666 परीक्षार्थियों में से 617 ने परीक्षा दी, जबकि 49 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में हुई इंटर गृह विज्ञान विषय की परीक्षा में पंजीकृत 4,315 परीक्षार्थियों में से 3,981 ने परीक्षा दी जबकि 334 अनुपस्थित रहे। हाईस्कूल कंप्यूटर विषय में पंजीकृत 873 परीक्षार्थियों में से 856 ने परीक्षा दी जबकि 17 अनुपस्थित रहे। गणित का प्रश्नपत्र देख परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की सघन जांच हुई।
चार सचल दल ने भी 45 केंद्रों पर देखी हकीकत
प्रशासन की ओर से गठित चार सचल दल टीमों ने मंगलवार को कुल 45 केंद्रों पर पहुंच कर परीक्षा की शुचिता को जांचने का कार्य किया। जिला विद्यालय निरीक्षक अमरनाथ राय के नेतृत्व वाले सचल दल ने सदर व निचलौल क्षेत्र के 15 केंद्रों पर पहुंचकर स्थिति देखी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार सिंह के नेतृत्व वाली टीम ने 10 परीक्षा केंद्रों की शुचिता को जांचा। डायट प्राचार्य की टीम ने सदर के आठ परीक्षा केंद्रों पर हो रही परीक्षा को देखा। राजकीय इंटर कॉलेज पनियरा के प्रधानाचार्य रामाज्ञा प्रसाद के नेतृत्व वाली टीम ने फरेंदा तहसील क्षेत्र के 12 परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर परीक्षा की शुचिता को जांचने का कार्य किया।
-
रात्रिकालीन निरीक्षण भी जारी
जिला विद्यालय निरीक्षक के नेतृत्व में टीम की ओर से रात्रिकालीन निरीक्षण भी जारी है। परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर वे केंद्रों पर व्यवस्था को जांच रहे हैं। टीम में उनके साथ अनमोल यादव, हरीप्रकाश, रमेश कुमार समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
-