परसामलिक। नौतनवा की ग्राम सभा झिंगटी में स्थित श्री रामजानकी मठ के नाम दर्ज करोड़ों रुपये की जमीन को निजी पैतृक संपत्ति के रूप में दर्ज कराने की साजिश का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने मामले की जांच की मांग करते हुए सीएम और डीएम से शिकायत की है।
जानकारी के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी को भेजे गए शिकायती पत्र में ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम सभा झिंगटी में स्थित गाटा संख्या 591 जिसका कुल रकबा 1.3440 हेक्टेयर है। सरकारी राजस्व अभिलेखों और खतौनी में श्री रामजानकी मंदिर की भूमि के नाम से देवोत्तर संपत्ति के रूप में दर्ज है।
ग्रामीणों का गंभीर आरोप है कि वर्तमान पुजारी द्वारा इस पवित्र और सार्वजनिक मठ की जमीन को गलत एवं फर्जी तरीके से अपने पिता की पैतृक संपत्ति बताया जा रहा है। इस विवाद को बढ़ता देख हाल ही में ग्राम सभा झिंगटी के ग्रामीणों की एक आवश्यक बैठक भी आयोजित की गई थी। इस बैठक में सर्वसम्मति से एक विशेष प्रस्ताव पारित किया गया कि उक्त जमीन की देखरेख, संरक्षण और संपूर्ण अधिकार केवल और केवल श्री रामजानकी मंदिर ट्रस्ट के पास ही रहेगा।
ग्रामीणों ने मांग की है कि जमीन की सुरक्षा के लिए अविलंब एक स्वतंत्र, निष्पक्ष और सक्षम सरकारी प्रबंधक नियुक्त किया जाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने जांच टीम गठित कर त्वरित विधिक कार्रवाई का भरोसा दिया है।