परतावल। श्यामदेउरवां क्षेत्र के हरपुर तिवारी की रहने वाली एक युवती ने सियरहीभार के रहने वाले भाई-बहन पर झांसे में लेकर एक वसीयत में गवाह बनाने का आरोप है। युवती ने बताया कि जब इस बात की जानकारी हुई तो तहसीलदार कार्यालय में जाकर अपना बयान दर्ज कराया। बयान के आधार पर वसीयत खारिज कर दी गई।
आरोप है कि सोची-समझी साजिश के तहत पोस्टर लगाकर उसे बदनाम करने की कोशिश की गई। पुलिस ने मामले में आरोपी भाई-बहन के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हरपुर तिवारी निवासी शबनम ने बताया कि सियरहीभार निवासी सायदा और अली खान ने झांसे में लेकर फर्जी तौर पर अपने पिता मनौवर की वसीयत में उसे गवाह बना दिया। जब उसे इसकी जानकारी हुई तो तहसीलदार सदर के न्यायालय में सही गवाही दी, जिससे सायदा व अली के पक्ष में की गई वसीयत तहसीलदार सदर के न्यायालय से खारिज कर दी गई।
आरोप है कि चार जून को सायदा और अली ने पोस्टर छपवाकर उसपर उसका नाम, मोबाइल नंबर और आधार नंबर के साथ अश्लील स्लोगन लिखकर हरपुर चौराहे पर चिपका दिया। श्यामदेउरवा थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर आरोपी सायदा व अली खान के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है।