भिटौली। लक्ष्मीपुर देउरवा निवासी नंदनी की मौत मामले में मायके वालों ने ससुरालियों पर रस्सी से गला कसकर मारने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति समेत छह लोगों पर दहेज हत्या में केस दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार की देर रात नंदनी के पिता कुशीनगर जनपद के लक्ष्मीगंज निवासी बैजू चौहान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 11 जुलाई को पुत्री नंदनी की शादी भिटौली थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर देउरवा निवासी अखिलेश चौहान से की थी। अपनी क्षमता के अनुसार उपहार स्वरूप सामग्री दी थी। आरोप है कि विवाह के बाद से ही पति एवं परिवार के लोग दहेज की मांग करने लगे।
नंदनी जब इसका विरोध करती तो पति, सास, ससुर, ननद व देवर उसकी पिटाई करते थे। बुधवार को नंदनी को ससुरालियों ने बुरी तरह से मारापीटा और साजिश के तहत रस्सी से गला कसकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने नंदनी की मौत की जानकारी दी। थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र ने नंदनी के पिता बैजू चौहान की तहरीर पर पति अखिलेश चौहान, ससुर राजू चौहान, सास मालती देवी, ननद गुड़िया, देवर निखिलेश, अरविंद पर दहेज हत्या में केस दर्ज करने की पुष्टि की। संवाद