23 अक्तूबर 2025 की रात करीब 9 बजे की घटना, लाठी-डंडों से किया गया था हमला
महराजगंज। कोतवाली थाना क्षेत्र के रुधौली भावचक टोला मटियरवां गांव में 23 अक्तूबर 2025 की रात करीब 9 बजे एक मारपीट की घटना हुई थी। रुधौली भावचक टोला मटियरवां निवासी बैजनाथ को 6 लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर घायल कर दिया था। कोर्ट के आदेश पर पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
पीड़ित बैजनाथ के अनुसार, घटना के समय वह अपने घर पर था। तभी दीपक, सूरज, उदय, रवि, संदीप, किशन, मेवा व शैलेन्द्र, पकड़ी नौनिया टोला पंसरहिया निवासी सहित दो-चार अन्य अज्ञात व्यक्ति लाठी-डंडों से लैस होकर उसके घर पहुंचे। उन्होंने पहले गाली-गलौज की। जब बैजनाथ ने विरोध किया तो हमलावर आक्रोशित होकर उसे जान से मारने की नीयत से दौड़ा लिया। बैजनाथ ने घर में घुसकर बचने की कोशिश की लेकिन हमलावर घर में घुस आए और उसे लाठी-डंडों से पीटा। बैजनाथ की पत्नी वन्दना बचाव के लिए आई तो उसे भी गालियां देकर पीटा गया।
घटना के दौरान बैजनाथ के पिता ने 112 पर कॉल किया। पुलिस पहुंची और बैजनाथ की हालत देखकर सरकारी एम्बुलेंस बुलवाई। उसे जिला संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया। 23 से 29 अक्तूबर 2025 तक वह अस्पताल में भर्ती रहा। बैजनाथ ने पुलिस चौकी कलेक्ट्रेट और थाना कोतवाली में शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अंत में बैजनाथ ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रकरण दाखिल किया।
मजिस्ट्रेट ने 9 फरवरी 2026 को आदेश दिया कि प्रभारी निरीक्षक केस दर्ज करें। सदर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक थानाध्यक्ष निर्भय सिंह ने बताया कि आरोपी दीपक, सूरज, उदय, रवि, संदीप, शैलेन्द्र के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।