पीड़ित युवक की मां की तहरीर पर एक नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
दो युवकों को विदेश भेजने के नाम पर प्रत्येक से मांगे थे 1.5 लाख रुपये
सिंदुरिया। ग्रामसभा रतनपुर निवासी एक युवक के परिजनों से विदेश भेजने के नाम पर फर्जी वीजा और टिकट देकर 3.20 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाया है। युवक की मां गैरुन निशा की तहरीर पर एक नामजद और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
तहरीर में ठगी के शिकार युवक की मां गैरुन निशा ने बताया कि मुझे अपने बेटे सदरे आलम को विदेश भेजना था। उसका पासपोर्ट बनवाया गया। इसकी जानकारी किसी तरह से समीर निवासी सिवान, बिहार को हो गई। वह अपने एक साथी को लेकर पांच सितंबर 25 को मेरे घर आया और कहा कि मेरे पास वेटर का वीजा है और मैं आपके बेटे को भिजवा दूंगा। इसमें एक व्यक्ति का खर्च 1.5 लाख रुपये लगेगा। बातचीत के दौरान ही मेरे एक रिश्तेदार ने भी आकर कहा कि मुझे भी जाना है। तब समीर ने कहा कि ठीक है, हमारे पास कई वीजा है। हम लोगों ने उसकी बातों में आकर हामी भर दी और 10 हजार रुपये नकदी के साथ पासपोर्ट भी दे दिया।
समीर ने फिर 16 सितंबर 2025 को फोन किया कि वीजा आ गया है। इसके बाद उसने कुछ और पैसों की मांग की तो 20 हजार रुपये फोन के माध्यम से ऑनलाइन भेज दिया गया। दो महीने बाद उसने फोन पे के जरिए पूरा पेमेंट मांगते हुए कहा कि पैसा भेज दीजिये ताकि टिकट बनवाकर भेज दूं। इस पर हम लोगों ने ऑनलाइन माध्यम से 2.90 लाख रुपये उसके खाते में भेज दिए। इसके बाद समीर ने मेरे बेटे सदरे आलम व ईश मुहम्मद को दिल्ली बुलाकर फर्जी वीजा और टिकट दे दिया। जब दोनों एयरपोर्ट गए तो जांच में टिकट और वीजा फर्जी पाए गए। घर आने पर जब समीर से संपर्क करके फर्जी वीजा और टिकट देने की शिकायत करते हुए पैसा लौटाने की बात कही तो उसने कहा कि कोई पैसा नहीं मिलेगा। साथ ही गालियां देते हुए धमकी देने लगा।
एसओ सिंदुरिया राजकुमार सिंह ने बताया कि मामले में एक नामजद और एक अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।