चिल्हिया। स्थानीय थाना क्षेत्र के बेलगड़ा गांव के सिवान में एक खेत में पौधारोपण के दौरान मारपीट करने व मोबाइल और गले से चेन छीनने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों पर एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस टीम मामले की जांच में जुट गई है।
क्षेत्र बेलगड़ा गांव निवासी कृष्ण भगवान ने थाने पर तहरीर देकर बताया कि गांव के सिवान में अपने खेत में अपनी माता और पुत्र के साथ पौधारोपण कर रहा था। उसी दौरान बगल गांव संतोरा के निवासी तुंगनाथ कुछ लोगों लेकर आए और पौधों को उखाड़ कर फेंकने लगे। जब इसका विरोध किया तो उसकी मां और उसे लाठी-डंडों से मारने-पीटने लगे। इस घटना का वीडियो बना रहे पुत्र का मोबाइल छीनकर उसे भी मारा-पीटा। उसके गले से सोने की चेन भी छीन ली। किसी तरह वहां से घर भागकर आए। पीछा करते हुए वे भी घर पहुंच गए और ईंट-पत्थर चलाने लगे। इसमें मां का हाथ टूट गया।
इस संबंध में एसओ चिल्हिया राजेश गुप्ता ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मारपीट सहित अन्य धाराओं में चार लोगों पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है।